140 से अधिक घरों-दुकानों
पर चलेगा लोनिवि का डोजर
भुंतर से रामशीला तक लोनिवि की भूमि पर निकले घर और दुकानें
स्वयं कब्जा नहीं छोड़ा तो मकान मालिकों से ही वसूला जाएगा खर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर से रामशीला तक करीब 12 किलोमीटर तक लोक निर्माण विभाग की जमीन पर 140 से अधिक अवैध कब्जे पाए गए हैं। हालांकि अभी करीब एक किलोमीटर की निशानदेही शेष है। ऐसे में अवैध कब्जों की संख्या और भी बढ़ सकती है।
प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशानुसार लोक निर्माण बंजार, कुल्लू ,भुंतर से रामशीला तक बने मेजर डिस्ट्रिक रोड की निशानदेही की जा रही है। करीब 95 फीसदी तक हुई कार्रवाई से अवैध निकले घरों और दुकान मालिकों में हड़कंप मच गया है। हालांकि अभी तक मात्र सात लोगों को ही नोटिस भेजकर एक हफ्ते में लोनिवि के कब्जे को छोड़ने को कहा गया है। अन्य कब्जाधारियों को मुख्यमंत्री के कुल्लू दौरे के बाद नोटिस जारी किए जाएंगे। मकान और दुकानदार अगर नोटिस पर अमल नहीं करते हैं तो लोनिवि अपना डोजर चलाने को मजबूर हो जाएगा। जिसका पूरा खर्च कब्जाधारक से वसूल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश हाईकोर्ट ने लोक निर्माण विभाग को भुंतर से रामशीला वाया ढालपुर हो गुजरने वाली रोड के दोनों तरफ बने मकानों की निशानदेही करने के आदेश दिए हैं। इसमें लोनिवि बंजार के तहत भुंतर से टिकरा बाबड़ी तक की गई कार्रवाई में 100 से अधिक अवैध कब्जे पाए गए हैं। इसमें सात लोगों को नोटिस भी भेज दिए है। वहीं लोनिवि कुल्लू ने रामशीला से टिकरा वावड़ी तक की गई निशानदेही में 40 अवैध कब्जे पाए गए हैं। राजस्व विभाग से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है और जल्द ही सबको नोटिस भेजने की तैयारी है।
इस संबंध में लोनिवि भुंतर के कनिष्ठ अभियंता विवेक धीमान ने कहा कि उनके एरिया में पाए गए 100 अवैज कब्जाधारियों को नोटिस देने की तैयारी की जा रही है। सात लोगों को नोटिस जारी कर दिए हैं और एक सप्ताह में अवैध कब्जा छोड़ने को कहा है। अगर उन्होंने स्वयं कब्जा नहीं छोड़ा तो लोनिवि अपना डोजर चला देगा और इसका खर्चा भी घर मालिक या दुकानदार से वसूला जाएगा।