उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल की मयाड़ के चिमरेट गांव में आग से राख हुए मकान के प्रभावित परिवारों की मदद के लिए घाटी के समाजसेवी और पंचायत प्रतिनिधि आगे आए हैं। रानिक पंचायत के लोगों ने भी प्रभावित परिवार की मदद की है। पंचायत प्रधान अनिल ठाकुर ने बताया कि उनकी पंचायत के लोगों ने 29,950 रुपये की राशि एकत्रित कर प्रभावित परिवार के बैंक खाते में जमा करवाई है। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में घाटी के लोग एकजुट हैं। जिला परिषद लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष रमेश रुवलवा ने कहा कि आग की घटना से वीर सिंह के दोमंजिला मकान के साथ उनकी दो भेड़ें, तीन गाय और एक बछड़ा जिंदा जल गया था। उन्होंने कहा कि आग से साथ लगते एक अन्य मकान को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा था। उन्होंने प्रभावित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।