कुल्लू/नग्गर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नग्गर की छात्रा संगीता ठाकुर को शनिवार को राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के लिए सम्मानित किया गया। संगीता ठाकुर ने हिमाचल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया था।
नई दिल्ली में 3 से 9 जनवरी तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल कबड्डी टीम उपविजेता बनी थी। संगीता ठाकुर के स्कूल पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। वहीं प्रदेश व कुल्लू जिला का नाम देश भर में ऊंचा करने के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
शारीरिक शिक्षक मनोहर लाल ठाकुर ने कहा कि 24 दिसंबर को संगीता अपने कोच के साथ नालागढ़ स्थित राज्य स्तरीय कोचिंग कैंप में शामिल होने के रवाना हुई थीं। संगीता ठाकुर के पिता गिरधारी लाल ठाकुर ने कहा कि उनकी बेटी ने कुल्लू जिला का नाम रोशन किया है। वहीं नग्गर स्कूल के प्रधानाचार्य हरी राम भारद्वाज ने कहा कि छात्रा का स्कूल में भव्य स्वागत किया गया। इस उपलब्धि से अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी।