मतदान के लिए मनाली-पतलीकूहल बाजार रहे बंद
सभी व्यापारियों ने मतदान में दिखाई पूर्ण सहभागिता
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली/पतलीकूहल। मतदान के लिए वीरवार को विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी का माल रोड और नेशनल हाईवे पर स्थित पतलीकूहल कस्बे का बाजार बंद रहा। मनाली और पतलीकूहल में आस पड़ोस के गांवों के अलावा मंडी और कांगड़ा समेत कई अन्य जिलों के लोग दुकानदारी कर रहे हैं। लिहाजा अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनने के लिए अधिकतर दुकानदार संबंधित स्थानों पर पहुंच गए हैं। दुकानदारों ने अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान किया है। पतलीकूहल व्यापार मंडल के अध्यक्ष अर्जुन देव गौतम ने बताया कि विधानसभा में ही लोगों के विकास की योजनाएं बनती हैं। लिहाजा सही उम्मीदवार विधानसभा भेजने के लिए दुकानदारों के मतदान को देखते हुए वीरवार को दुकानें बंद रखीं। स्थानीय दुकानदार पवन, दिनेश, सुरेंद्र, जसपाल, हिमेश, राजकुमार और सुभाष ने बताया कि मतदान के प्रति जागरूकता दिखाते हुए उन्होंने दुकान खोलने के बजाए मतदान को वरीयता दी है। हालांकि हलवाइयों समेत जरूरी सामान की दुकानों समेत कुछ टी स्टॉल और भोजनालय भी खुले रहे। वही मनाली व्यापार मंडल के सदस्य अजय अबरोल ने बताया कि मतदान के लिए दुकानदारों का एक दिन का त्याग सराहनीय कदम है।