कुल्लू। मनाली विधानसभा से विधायक गोविंद ठाकुर के छोटे भाई से एक करोड़ की ठगी मामले में एसआईटी जांच करेगी। एसपी कुल्लू पद्म चंद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन करने का निर्णय लिया है। काबिल ऑफिसर की अध्यक्षता में टीम ठगी मामले में जांच करेगी।
मामला दर्ज होने के बाद मनाली पुलिस ठगी से संबंधित दस्तावेज जुटाने में जुट गई है। हाइप्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस भी सतर्कता बरत रही है। बताया जा रहा है कि गुड़गांव की एक कंपनी के दो शातिरों ने ओएफसी बिछाने का बड़ा ठेका दिलवाने के नाम पर एक करोड़ के चेक भी ले लिए। जिसका भुगतान तक हो चुका है, लेकिन अभी तक ठेका नहीं मिल पाया है।
मनाली के विधायक गोविंद ठाकुर के छोटे भाई महेश ठाकुर की कड़ी मशक्कत के बावजूद कुछ न होने पर अब पुलिस का सहारा लिया गया है। डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने बताया कि ठगी मामले संबंधी दस्तावेज एकत्रित किए जा रहे हैं। मामले में जांच जारी है। वहीं, एसपी कुल्लू पद्म चंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया जा रहा है। जो तह तक जाकर मामले का पटाक्षेप करेगी।