जिले के किसानों को किफायती दरों पर उपलब्ध करवाएगा विभाग
किसानों को 112 रुपये किलो मिलेगा, 40 रुपये होगी बीज पर सब्सिडी
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। जिले में 500 क्विंटल मटर का बीज किसानों को किफायती दरों पर वितरित किया जाएगा। विभाग कृषि प्रसार केंद्रों में हिम पालम, गोल्डी और पीडी -89 किस्म का बीज सस्ते दामों पर विभाग मुहैया करवा रहा है।
जिले में 1800 हेक्टेयर भूमि पर मटर के बीज की खेती होती है। नगदी फसल की ओर किसानों का रुझान बढ़ा है। हरे मटर की दिल्ली, चंड़ीगढ़ और पंजाब आदि राज्यों में अधिक मांग रहती है। कुल्लू का मटर तब तैयार होता है, जब मैदानी इलाकों में मटर खत्म हो जाता है। ऐसे में किसानों को इसके दाम भी बेहतर मिलते हैं। इन दिनों किसान अपने खेत मटर बिजाई के लिए तैयार कर रहे हैं। कई क्षेत्रों में मटर की बिजाई भी किसानों ने कर दी है।
किसान देसराज नेगी, प्रताप पठानिया, ज्ञान ठाकुर, चमन, राजकुमार आदि ने कहा कि मटर की बिजाई के लिए खेतों को तैयार किया जा रहा है। किसान कृषि विभाग के विक्रय केंद्रों से किफायती दरों से मटर बीज खरीद रहे हैं। कृषि विभाग की उपनिदेशक ऋतु गुप्ता ने कहा कि 500 क्विंटल बीज कुल्लू पहुंचा है। 112 रुपये प्रतिकिलो की कीमत पर बीज मिलेगा और 40 रुपये इस पर सब्सिडी भी होगी। मोटा अनाज कोदरा और बाजरा भी दिया रहा है। मोटे अनाज में कई तरह के विटामिन पाए जाते हैं जो हमारे शरीर के लिए लाभदायक होते है। लिहाजा किसानों को मोटा अनाज भी अपने खेतों में उगाना चाहिए।