कुल्लू। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मुख्यालय कुल्लू के परिधि गृह में वीरवार को 5.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वास्थ्य विभाग के आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू के तेगुबेहड़ में निर्मित टाइप-4 के आठ व टाइप-3 के आठ आवासीय क्वार्टर को लेकर चिकित्सकों व स्टाफ नर्सों की लंबित मांग को पूरा किया गया है।
कोरोना काल में भी प्रदेश में विकास की गति को रुकने नहीं दिया और इन भवनों का निर्माण पूरा किया गया है। कोविड-19 के संकट से निपटने में स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी भूमिका का निर्वहन करएक मिसाल कायम की है। ठाकुर ने कहा कि इस साल का बजट सबसे कठिन परिस्थितियों के बीच पारित किया गया और ऐसा कठिन दौर इससे पहले इतिहास में कभी नहीं आया। बावजूद इसके बजट में विकास कार्यों व सामाजिक क्षेत्र को प्राथमिकता प्रदान की गई है। पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है। कुल्लू जिले में अनेक विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्य अगले एक-दो माह के भीतर पूरे हो रहे हैं। वे जल्द इनके लोकार्पण के लिए जिले का दौरा करेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन तेजी के साथ फैल रहा और हिमाचल भी इससे अछूता नहीं है। इस वायरस को अधिक गंभीरता के साथ लिया जाना चाहिए। ऐसे में सावधानी व सतर्कता बरतना जरूरी है। जीवन बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री वीरवार सुबह सवा आठ बजे शिमला से चौपर में आए और ढालपुर मैदान में उतरे। यहां उनका काफिला घुड़दौड़ पहुंचा, जहां नगर निगम चुनाव के बीच अध्यात्मिक गुरू सुधांशु महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, राम सिंह, रमेश शर्मा, युवराज बौद्ध, अमित सूद, शिव शरण चौहान, गोपाल कृष्ण महंत, ठाकुर चंद, मनीषा सूद व तरुण विमल उपस्थित रहे।