सातों शिक्षा खंडों के शिक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
समग्र शिक्षा के तहत हो रहीं क्षमता निर्माण कार्यशालाएं
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिला के 496 जेबीटी शिक्षक नौनिहालों को खेल-खेल में पढ़ाना सीख रहे हैं। इसके लिए समग्र शिक्षा के तहत शिक्षकों के लिए क्षमता निर्माण कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
जिले के सातों शिक्षा खंडों के जेबीटी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिक्षक प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, नई शिक्षा नीति 2020 व पाठ्यक्रम को सरल बनाना सीख रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या और नौनिहालों की शिक्षा में रुचि बढ़ाना है।
गौरतलब है कि 85 फीसदी नौनिहालों के मस्तिष्क का विकास छह साल की उम्र तक होता है। इस अवस्था में नौनिहालों के मस्तिष्क और शारीरिक विकास पर अधिक ध्यान देने की जरूरत होती है। हालांकि, नौनिहालों को शुरुआती देखभाल और शिक्षा (ईसीसीई) सही ढंग से नहीं मिल पाती है। ऐसे में प्री-प्राइमरी और प्राइमरी विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाकर नौनिहालों को खेल-खेल में पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस संबंध में समन्वयक कविता ने कहा कि पांच साल की उम्र तक के नौनिहालों को खेल-खेल में पढ़ाया जाएगा। इसके लिए जिले के 496 जेबीटी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
छोटी उम्र में नौनिहाल आसानी से चीजों को अलग-अलग तरीके से सीखता है। इसके लिए शब्दों, भाषा, आकार, रंग, संख्या, तार्किक सोच, कला के माध्यम से नौनिहालों को पढ़ाया और सिखाया जाएगा। उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर माहौल दिया जाएगा, ताकि पढ़ाई में कोई परेशानी न हो। -सुनील दत्त ठाकुर, उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा कुल्लू
ढालपुर-शमशी में चल रही प्रशिक्षण कार्यशालाएं
जिला के शिक्षा खंड कुल्लू-एक और कुल्लू-दो के जेबीटी शिक्षकों के लिए क्षमता निर्माण कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय ढालपुर में स्थित अटल सदन और बहुउद्दश्यीय भवन में कुल्लू-दो और प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय शमशी में कुल्लू-दो के शिक्षक प्रशिक्षण ले रहे हैं। कार्यशालाओं में दोनों शिक्षा खंडों के 166 शिक्षक उपस्थित दर्ज करवा रहे हैं।