कुल्लू। मनाली और पार्वती घाटी के साथ अब जिला कुल्लू के तीर्थन, सैंज, सोझा, जलोड़ी दर्रा की तरफ भी पर्यटक उमड़ने लगे हैं। खासकर पिछले एक दशक से इन जगहों पर हजारों की संख्या में देश-विदेश से सैलानी पहुंच रहे हैं। मगर इन पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 की दुर्दशा बहुत ही दयनीय है। 43 किलोमीटर लंबे हाईवे में गड्ढे ही गड्ढे पड़े हैं और कई जगह लगता ऐसा है कि किसी नाले में वाहन चला रहे हो। इस कारण हाईवे पर सफर करते वक्त स्थानीय लोगों के साथ ही सैलानियों को भी रोजाना परेशान होना पड़ रहा है।
होटल कारोबारियों का यहां तक कहना है कि पिछले तीन साल में सड़क की हालत बद से बदतर हो गई है। खासकर बंजार से जलोड़ी दर्रा तक हाईवे बहुत ही खराब है। यहां हर 10 से 15 मीटर के पैच पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। ऐसे में यहां आम वाहन चालकों के साथ सैलानियों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। बारिश होने पर यह गड्ढे तालाब में बदल जाते हैं। इससे हादसा होने का भी खतरा रहता है। पर्यटन कारोबारी राजेंद्र प्रकाश, ईश्वर ठाकुर, खेम राम, दविंद्र सिंह और गंगे राम ने कहा कि पर्यटन सीजन चल रहा है और सैलानी हाईवे की हालत से खुश नहीं है।
उन्होंने हाईवे-305 न केवल शिमला औऱ कुल्लू-मनाली को जोड़ता है, बल्कि इसी हाईवे से सैंज, तीर्थन, जिभी, बाहू, सोझा, जलोड़ी दर्रा, लामालामरी, रघुुपुरगढ़, गाड़ागुशैणी, शुश, टकरासी के लिए भी आवाजाही होती है। एनएचएआई को बंजार से लेकर जलोड़ी दर्रा तक इसकी टारिंग और पेचवर्क का काम करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र की जनता खराब सड़क के कारण परेशान है। अब इसका खमियाजा सैलानियों को भी भुगतना पड़ रहा है। पर्यटक सड़क के कारण निराश होकर फिर न आने की बात कर रहे हैं। अगर ध्यान नहीं दिया गया तो जनता चुनाव का विरोध करने को मजबूर होगी।
- राजेंद्र प्रकाश, अध्यक्ष, सोझा टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन
बंजार से लेकर जिभी-सोझा तक हाईवे बेहद ही खराब है। कई जगह तो हाईवे में ऐसे गड्ढ़े पड़े हैं, जहां बारिश होने पर पूरा तालाब बन जाता है। इस कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाना चाहिए।
- दविंद्र सिंह, निवासी सोझा
एनएचएआई को हाईवे के खराब जगहों की टारिंग करनी चाहिए। गड्ढे होने से वाहनों को हिचकोले लग जाते है। इससे हादसा होने का भी खतरा रहता है। क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए सड़क की जल्द से जल्द टारिंग की जानी चाहिए, ताकि टैक्सी चालकों को भी राहत मिले।
-खेम वर्मा, अध्यक्ष द लांबरी हिल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन जिभी, बंजार
एनएचएआई की टीम ने हाईवे का पूरा निरीक्षण किया है। मगर हाईवे-305 वनवे होने से कुछेक जगहों पर खराब है। मगर अधिकतर मार्ग पूरी तरह से बेहतर स्थिति में है। इसको अब डबललेन बनाया जा रहा है। इसी साल इसकी डीपीआर भी तैयार होगी।
- केएस सुमन, अधिशासी अभियंता, एनएचएआई
बंजार में गड्ढों में तब्दील हुआ औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 संवाद।