स्वार।मंगलवार की रात्रि हुई मूसलाधार बारिश से नगर में जगह-जगह जलभराव हो जाने के कारण नाले- नालियों का गंदा पानी घरों में घुस गया ।जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।वहीं बारिश से मजदूर के मकान की कच्ची छत का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया । इस दौरान परिवार बाल बाल बच गया ।
मंगलवार की रात्रि तेज हवा के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश से नगर के मुख्य बाजार, पंजाबी कालोनी, मोहल्ला चक स्वार, सब्जी मंडी, घास मंडी ,नई बस्ती में नाले नालियां चोक होने के कारण जल भराव हो जाने से बारिश और नाले नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों और दुकानों में जा घुसा ।इस समस्या से रात्रि में लोग जूझते रहे ।वर्षा रुकने के बाद लोगों ने घरों और दुकानों में घुसे पानी को बमुश्किल निकाला।वहीं दूसरी ओर तेज हुई बारिश से नगर के मोहल्ला चक स्वार निवासी मजदूर अनवार के कच्चे मकान की छत का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया ।गनीमत रही कि पूरा परिवार छत के दूसरे हिस्से की ओर सोया हुआ था इससे परिवार बाल- बाल बच गया ।