सेउबाग (कुल्लू)। पूर्व सीएम व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव की गलतियों से सबक लेते हुए इस बार कांग्रेस संगठित व मतभेद भुलाकर लड़ाई लड़ेेगी। कहा कि बुजुर्गों का होश व युवाओं के जोश के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मूल मंत्र देते हुए उन्हें एकजुटता से कार्य करने का आह्वान किया।
रविवार को कुल्लू के सेउबाग में प्रदेश कांग्रेस महासचिव धर्मवीर धामी के निवास स्थान पर अभिनंदन समारोह में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह ने वर्तमान में संगठन की दिशा व दशा को लेकर अपनी बात रखी। कहा कि कांग्रेस संगठन मजबूत हो, यहीं उनके दिल की पुकार है। कहा कि हिमाचल ही नहीं, बल्कि देशभर में संगठनात्मक चुनाव न होने के कारण संगठन कमजोर हो रहा है। यदि चुनाव करवाए जाएं तो देश भर में कांग्रेस मजबूती से उभरेगी। उन्होंने अप्रत्यक्ष तौर पर कांग्रेस की वर्तमान हालत के लिए नामांकन प्रथा को जिम्मेवार ठहराया और इसे गलत बताया। कहा कि राजनीति के 50 सालों में उन्होंने बहुत कुछ देखा है। पार्टी यंग होनी चाहिए। लेकिन उसमें बुजुर्गों का भी साथ होना चाहिए। केवल युवा या केवल बुजुर्ग पार्टी नहीं चला सकते हैं। कहा कि पुरानी परिपाटी में लौटकर ही कांग्रेस अपने स्वरूप में वापस आ सकती है। लेकिन आज हम संगठनात्मक चुनाव ही भूल गए हैं। ऐसे में पार्टी मजबूत कैसे होगी? नए लोगों को मौका ही न मिलना हमारी कमजोरी है। कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में धर्मवीर धामी ने जनसभा आयोजित कर पहल शुरू कर दी है। अभिनंदन समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का समर्थन किया।