अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अब बस पास बनाने के लिए बस स्टैंड के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में बस पास काउंटर शुरू हो गया है। प्राचार्य डॉ. नंदलाल शर्मा ने सोमवार को बस पास काउंटर का उद्घाटन किया। प्राचार्य डॉ. नंदलाल शर्मा ने कहा कि परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देशों पर महाविद्यालय में बस पास काउंटर खोला गया है। कहा कि प्रशासन का हमेशा ही विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास रहा है। विद्यार्थियों को सप्ताह में तीन दिन पास बनाने की सुविधा मिलेगी। विद्यार्थी सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक पास बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी महाविद्यालय में ही बस पास काउंटर खोलने की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। इस दौरान डॉ. सूरत ठाकुर, डॉ. अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।