पर्यवेक्षक की निगरानी में होंगे
कर्मचारी महासंघ के चुनाव
पांच खंडों के लिए चुनाव तिथियां घोषित, दो खंडों में बनी कार्यकारिणी
स्वयंभू नेता भ्रामक प्रचार करें बंद : आशु गोयल
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष एवं प्रभारी आशु गोयल ने आनी और निरमंड के चुनाव करवाने के बाद वीरवार को शेष खंडों के लिए भी चुनाव तिथियां घोषित कर दी हैं। पांच खंडों के चुनाव 11 से 19 अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे। जिसके लिए पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं।
आशु गोयल ने बताया कि 11 अप्रैल को भुंतर खंड के चुनाव होंगे। जिसमें संजीव भारद्वाज प्रधान पशुपालन विभाग कुल्लू पर्यवेक्षक होंगे। 12 अप्रैल को नग्गर खंड के चुनाव होगे। जिसमें चांद स्वरूप राणा वरिष्ठ उप प्रधान राज्य वन विभाग पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। 13 अप्रैल को बंजार खंड के चुनाव योग राज शर्मा उप प्रधान अराजपत्रित महासंघ कुल्लू की देखरेख में होंगे। 16 अप्रैल को मनाली खंड के चुनाव यशवंत ठाकुर प्रधान आयुर्वेद महासंघ कुल्लू की मौजूदगी में होंगे। 19 अप्रैल को कुल्लू खंड के चुनाव तुले राम प्रधान चालक एवं अर्द्ध चालक महासंघ कुल्लू की देखरेख में होंगे।
उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोग 15-20 लोगों के साथ मिलकर खंडों में चुनाव करवा रहे हैं। वह कभी कर्मचारियों के हितैषी नहीं हो सकते हैं। यह लोग कर्मचारियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ लोग ऐसे दिखाए जा रहे हैं जोकि महासंघ के प्राथमिक सदस्य तक नहीं है। कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व वहीं करेगा, जिसके साथ समस्त कर्मचारी वर्ग होगा। प्रदेश में कर्मचारी हितैषी सरकार है। शीघ्र ही समस्त खंडों के चुनाव करवाने के बाद जिला के चुनाव पारदर्शिता के साथ करवाए जाएंगे। उन्होंने स्वयंभू नेताओं को चेताया है कि भ्रामक प्रचार बंद करें और कर्मचारी महासंघ को सुदृढ़ करें।