अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू से लेकर पतलीकूहल के बीच चल रहे एक दर्जन होटलों, रेस्तरां और होम स्टे संचालकों पर पर्यटन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस जारी किए हैं। बिना पंजीकरण और प्रदूषण बोर्ड की एनओसी के बगैर चल रहे इन होटलों पर शिकंजा कसा गया है। नोटिस के बाद होटलों और होम स्टे संचालकों को 15 दिन के भीतर जवाब देना होगा। एनजीटी द्वारा गठित टीम ने दो दिन पहले 23 होटलों, होम स्टे और रेस्तरां का निरीक्षण किया था। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की ओर से कसे गए शिकंजे से हड़कंप मच गया है। पर्यटन विभाग ने नौ होटलों पर नियमों का उल्लंघन पाया है। जांच में इन होटलों, रेस्तरां और होमस्टे का पर्यटन विभाग का न तो पंजीकरण करवाया गया था और न ही पंजीकरण का नवीनीकरण। इसके अलावा कई होटल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी के बिना भी चल रहे थे। जिला पर्यटन अधिकारी कुल्लू बीसी नेगी ने कहा कि निरीक्षण में होटलों, रेस्तरां और होम स्टे में कई खामियां पाई गई हैं, जिन्हें अब नोटिए देते हुए 15 दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि नोटिस का जवाब नहीं देने पर विभाग आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि तहसीलदार कुल्लू वेद प्रकाश शर्मा की अगुवाई में 24 फरवरी को विभिन्न विभागों की गठित आठ अधिकारियों की टीम ने जिला मुख्यालय से लेकर पतलीकूहल तक 23 होटलों और रेस्तरां की जांच की गई थी।