कुल्लू। कुल्लू सदर भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए दृष्टि पत्र जारी कर दिया है। जिसमें पर्यटन, बड़े संस्थान, बागवान, फोरलेन, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य समेत अन्य सभी मुद्दों को लेकर वायदे किए गए हैं। 12 सूत्री इस दृष्टि पत्र को जनता के बीच पहुंचाया जा रहा है।
दृष्टि पत्र मेें सड़क, पेयजल, सिंचाई और बिजली सुविधाओं से वंचित गांवों को मूलभूत सुविधाओं से चरणबद्घ तरीके से जोड़ने, पर्यटन की दृष्टि से कुल्लू में रमणीय संस्थानों का इंगित कर विकसित करने के लिए भारत सरकार से अधिक धनराशि उपलब्ध करवाने, पैराग्लाइडिंग, रिवर रॉफ्टिंग व अन्य साहसी खेलों के व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं का समाधान करने, अमृत योजना के तहत केंद्र सरकार से मिली धनराशि को खर्च करवाने के लिए सार्थक कदम उठाने स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग में रिक्त पड़े पदों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर भरने, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत सिंचाई व्यवस्था के लिए अधिक धनराशि भारत सरकार से उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता देने, लगघाटी में सब्जी मंडी और मिल्क चिलिंग प्लांट की स्थापना के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता देने, कुल्लू में लोक निर्माण विभाग की नई डिवीजन की स्थापना के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता देना, फोरलेन प्रभावितों की न्यायोचित मांगों को पूर्ण करवाने के लिए, जनहित के मामलों को सुलझाने के लिए व समुचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास करेंगे। वहीं कुल्लू में एक हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना के लिए प्रयास करेंगे, केंद्र सरकार की मदद से भुंतर हवाई पट्टी का विस्तार करेंगे, ट्रैफिक जाम की समस्या सुलझाने के लिए सार्थक कदम उठाने का वायदा किया गया है। इधर, भाजपा प्रत्याशी महेश्वर सिंह ने कहा कि पार्टी सदर के लोगों की समस्याओं को सुलझाने और लंबित मुद्दे हल करने के लिए प्रयासरत रहेगी।