कुल्लू। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में इन दिनों प्रवेश प्रकिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। महाविद्यालय में प्रथम वर्ष में अब तक 1514 विद्यार्थियों की एडमिशन हो गई है। साइंस, आर्ट्स और कामर्स में यह सीटें मेरिट के आधार पर भरी गई हैं। हालांकि, 1514 सीटों के लिए 2064 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन इनमें से 1514 विद्यार्थियों को महाविद्यालय में पढ़ाई करने का अवसर प्राप्त हुआ है। अभी 11 जुलाई तक एडमिशन चलती रहेगी। ऐसे में कॉलेज में खाली रही सीटों को भी भरा जाएगा। अब तक कुल भरी सीटों में साइंस की 480, कामर्स की 140 तथा आर्ट्स की 894 सीटें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संगीत, पब्लिक एड, शारीरिक शिक्षा, कंप्यूटर, बी वाक विषय में अभी तक अधिकतर सीटें नहीं भर पाई हैं। जबकि इतिहास, राजनीति शास्त्र, हिंदी, इंगलिश आदि विषयों की सीटें भर गई हैं। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में इस वर्ष दो नए विषय भी शुरू किए गए हैं। टूरिज्म हॉस्पिटेलिटी और बी वॉक रिटेलर विषयों को लेकर विद्यार्थियों में भी काफी उत्सुकता है। टूरिज्म हॉस्पिटेलिटी की सभी सीटें भर गई हैं। उधर, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के प्राचार्य डॉ. नंदलाल शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश मेरिट के आधार दिया गया है। उन्होंने कहा कि 10 जुलाई से महाविद्यालय में पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इस सत्र से दो नए विषयों को भी शुरू किया जा रहा है। वहीं, एडमिशन की तिथि बढ़ जाने के बाद विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है।