कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित वैष्णो माता मंदिर में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से आयोजित चार दिवसीय ध्यान-योग शिविर का सोमवार को समापन हो गया। शिविर में 40 प्रतिभागियों ने योग क्रियाओं और ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास किया। शिविर का संचालन योग गुरु योगिंदर योगी ने किया।
आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ प्रशिक्षक सोनम और कविता मल्होत्रा ने प्रतिभागियों को योग और ध्यान के अभ्यास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। मुख्य प्रशिक्षक सरिता शर्मा ने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से कुल्लू में पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से योग और ध्यान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में काम और अन्य जिम्मेदारियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित योग और ध्यान का अभ्यास जरूरी है। उन्होंने लोगों से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। संवाद