अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर-कुल्लू वामतट होकर गुजरने वाले फोरलेन पर जाम लगना आम बात हो गई है। वाहनों की पासिंग से बुधवार को स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, आम लोगों तथा सैलानियों को करीब तीन घंटे तक परेशान होना पड़ा। फोरलेन के वामतट स्थित जिया के पास पासिंग होने से दोनों तरफ से लंबा जाम लगा रहा, जिससे यहां दोपहर तक भारी जाम लगा रहा। इसमें सैकड़ों सैलानियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिया के पास वाहनों की पासिंग करने का स्थानीय लोगों ने रोष जताया है। पासिंग को शाढ़ाबाई या फिर बाशिंग में करवाने की मांग की है। जियावासी संजू पंडित, रूचिन चौहान, अजय राणा, राहुल, जगदीश, विनय वर्धन, मनोज, कपिल राणा, मनजीत, बंटी, ललित, दलीप, सुरेश तथा विजय ने कहा कि यह समस्या पिछले एक साल से चल रही है। उन्होंने कहा कि फोरलेन पर वाहनों की पासिंग करना ठीक नहीं है। आगे से पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में समस्या और भी विकराल होगी। उन्होंने कहा कि बुधवार को जिया में हुई वाहनों की पासिंग के लिए करीब 300 वाहन पहुंचे थे। इससे फोरलेन पूरी तरह से जाम हो गया। हालांकि भुंतर से कुल्लू के बीच पहले से ही जाम के हालात बने हुए है। भुंतर में ब्यास नदी पर बना बैली ब्रिज वनवे होने तथा जिला मुख्यालय के साथ तीन महीनों से बंद पड़े भूतनाथ पुल के कारण भी वामतट पर दबाव अधिक बढ़ गया है। संजू पंडित तथा रूचिन चौहान ने कहा कि एक दिन में कितने वाहनों की पासिंग हो सकती है, उसके आधार पर वाहनों को पासिंग के लिए बुलाया जाना चाहिए। उधर, आरटीओ कुल्लू डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि वामतट पर पहले से ट्रैफिक जाम चल रहा है। लेकिन बुधवार को रखी गई पासिंग में भी उम्मीदों से कहीं अधिक 300 वाहन पहुंचे। उन्होंने कहा कि विभाग पासिंग के लिए नई जगह की तलाश कर रहा है, जिससे आम लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े।