अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर से रामशिला मेजर डिस्ट्रिक रोड तक हुई अवैध कब्जों की निशानदेही की रिपोर्ट 10 अगस्त तक बनकर तैयार होगी। एसडीएम ने इस काम पर लगे राजस्व विभाग के सभी कानूनगो को रिपोर्ट तैयार कर लोक निर्माण विभाग को सौंपने को कहा है। हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही कार्रवाई में भुंतर से रामशिला तक सड़क के किनारे 200 से अधिक अवैध कब्जे पाए गए हैं।
कब्जाधारियों को कब्जे छुड़वाने का डर सताने लगा है। इसमें कई रिहायशी मकान भी शामिल है, जो लोनिवि की जमीन पर बने हैं। अगर इन लोगों ने लोनिवि के नोटिस के बाद भी स्वयं अवैध कब्जों को नहीं हटाया तो भवनों व दुकानों पर लोनिवि का डोजर चलेगा। 13 किलोमीटर लंबे भुंतर-रामशिला मार्ग तक की गई निशानदेही में कई होटल भी आए हैं। ऐसे में अब इन लोगों को हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करना होगा। लोक निर्माण विभाग पहले नोटिस जारी कर स्वयं ही अवैध कब्जों को छोड़ने की अपील करेगा। बावजूद इसके अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हाईकोर्ट के आदेशानुसार लोनिवि न केवल अवैध कब्जे हटाएगा, बल्कि इसमें आने वाले खर्चे को भी संबंधित व्यक्ति से वसूल करेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चमन लाल ठाकुर ने कहा कि रिपोर्ट आने पर विभाग अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ नियम के तहत कार्रवाई करेगा। उल्लेखनीय है कि अवैध कब्जों की हुई निशानदेही की रिपोर्ट में हो रही देरी की वजह से लोक निर्माण विभाग ने कई बार राजस्व विभाग को पत्र जारी कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। इधर, एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि राजस्व विभाग के सभी कानूनगो से रिपोर्ट देने को कहा गया है। 70 फीसदी रिपोर्ट बनकर तैयार हो गई है और शेष प्रक्रिया को भी पूरा किया जा रहा है। कहा कि 10 अगस्त तक रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग को सौंप दी जाएगी।