कुल्लू। शहर को अधिक सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद कुल्लू ने प्लॉन तैयार किया है। शहर में अब ब्यास नदी और सरवरी खड्ड के किनारों पर पर्यटक मस्ती कर सकेंगे। ब्यास और सरवरी के दोनों किनारों पर तटीकरण करने की योजना है। प्लान को अमल में लाने के लिए नगर परिषद कुल्लू ने प्रपोजल भी तैयार कर लिया है।
प्रपोजल को स्वच्छता मिशन में डाला में गया है। सरवरी खड्ड के तटीकरण को अखाड़ा बाजार में बनी पार्किंग की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। वहीं ब्यास नदी के किनारों का तटीकरण मौहल तक होगा। यहां पार्किंग के साथ लाइट की सुविधा भी होगी। इससे जहां शहर में नदी के किनारों पर स्वच्छता भी बनी रहेगी, वहीं शहर का सुंदरीकरण भी होगा।
गौर रहे कि अखाड़ा बाजार में ब्यास नदी का तटीकरण कर पार्किंग व सड़क का निर्माण किया गया है। रात के समय यहां दुधिया रोशनी में लाइटें जगमगाती रहती हैं। तटीकरण से नदी किनारे लगने वाले गंदगी के ढेर से भी निजात मिलेगी। तटीकरण से ब्यास व सरवरी के किनारों पर पर्यटक मस्ती कर सकेंगे।
उधर, नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि अखाड़ा बाजार की तर्ज पर ब्यास नदी और सरवरी खड्ड का तटीकरण किया जाएगा। नदी के किनारों को विकसित कर इसमें पार्किंग व लाइट की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका प्लान तैयार है। तटीकरण का प्रपोजल स्वच्छता मिशन में डाला गया है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए लोगों का सहयोग लिया जाएगा।