केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति जिला की एकमात्र सीट में चुनाव लड़ रहे चार प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। शनिवार को सुरक्षा और मौसम को देखते ईवीएम हेलीकॉप्टर के माध्यम से भुंतर पहुंचाई गई। यहां ईवीएम मशीन कड़े पहरे में रहेगी। भुंतर में ही 18 दिसंबर को मतगणना करवाई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त लाहौल स्पीति देवा सिंह नेगी ने गत दिवस संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में जिला की एक मात्र सीट के लिए मतदान में लोगों द्वारा मतदान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने पर सभी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने चुनाव में भाग लेने वाले सभी उम्मीदवारों के साथ चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सुरक्षा में लगे सभी जवानों का भी चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए आभार जताया है। बताया कि मतदान की गणना 18 दिसंबर 2017 को कुल्लू जिला के भुंतर में करवाई जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम को हेलीकाप्टर के माध्यम से शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के साथ हेलीकाप्टर से भुंतर पहुंचाया गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिले की कठिन भौगोलिक परिस्थिति तथा बर्फ पड़ने की संभावना को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने मतगणना भुंतर में करवाने का निर्णय लिया। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधियों सहित सुरक्षा अधिकारी व कर्मचारी भी हेलीकाप्टर में रवाना हुए।