कुल्लू-बंजार में मतदान ने दोपहर बाद पकड़ी रफ्तार
दो बजे तक मनाली में 54, आनी में 61 प्रतिशत मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में मतदाताओं के ट्रेंड अलग-अलग तरह से देखने को मिले। कहीं सुबह के समय उत्साह देखा गया तो कहीं दोपहर बाद वोट देने के लिए लाइनें रहीं। जिला के ग्रामीण इलाकों के मुकाबले शहर में सुबह के समय वोट कम संख्या में बाहर निकला। गांव के पोलिंग बूथों पर सुबह से ही लाइनें लगी रहीं।
शाम चार बजे तक कुल्लू जिला में करीब 71 फीसदी तक मतदान हुआ। सुबह 10 बजे तक जिला के सभी विधानसभा में क्रमश: 15 फीसदी के आसपास मतदान हुआ था। जबकि दो घंटे बाद 12 बजे कुल्लू विस में 28.06, मनाली में 28.53, बंजार में 28.96 तथा आनी विस में 28.84 प्रतिशत रहा। इसके बाद दोपहर दो बजे तक मनाली विधान तथा आनी विस में मतदान ने एकाएक रफ्तार पकड़ी। मनाली में 53.95 प्रतिशत तथा आनी में सबसे अधिक 60.83 फीसदी मतदान हो गया था। इसके मुकाबले कुल्लू विस में 47.71 तथा बंजार में मात्र 42.63 प्रतिशत रहा। दो से चार बजे के बीच कुल्लू व बंजार विधान सभा में भारी मतदान देखने को मिला और पोलिंग स्टेशनों में मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दो घंटे में कुल्लू में सबसे अधिक 75.61 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। बंजार में मतदान प्रतिशत में भारी उछाल आया और चार चार बजे तक 71.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जबकि मनाली में 65.34 तथा आनी विस में 72.92 प्रतिशत वोटिंग हुई।