कुल्लू। जिले में आपदा मित्र 14 दिन तक रेस्क्यू अभियान चलाने का प्रशिक्षण लेंगे। आपदा मित्रों को हिमस्खलन होने की सूरत में रेस्क्यू अभियान चलाने और फंसे हुए लोगों को तलाश करने के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। मनाली के अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण और संबद्ध खेल संस्थान में हिमपात और हिमस्खलन खोज और बचाव शिविर शुरू मंगलवार से शुरू हुआ।
नौ से 22 अप्रैल तक चलने वाले शिविर में जिला कुल्लू के निरमंड, आनी, बंजार, कुल्लू और मनाली से 25 आपदा मित्रों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य बर्फ और हिमस्खलन जैसी आपातकालीन स्थिति में निपटने के लिए उनके कौशल को बढ़ाना है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रशांत दीप ने कहा कि 22 अप्रैल तक चलने वाले शिविर में आपदा मित्रों को बर्फबारी और हिमस्खलन के दौरान होने वाले रेस्क्यू और राहत कार्य के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण लेने के बाद इन आपदा मित्रों की बर्फ और हिमस्खलन की घटनाओं में मदद ली जा सकती है।