अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू के औट-लूहरी-सैंज नश्ेानल हाईवे 305 को जोड़ने वाला माशनूनाला-रोहाचला सड़क आजादी के बाद आज तक पक्का नहीं हुआ है। अंग्रेजी के समय बनी यह सड़क बस योग्य तैयार की है। लेकिन अभी तक किसी भी सरकार या राजनीतिक दल ने इसकी हालत सुधारने के लिए कुछ नहीं किया।
माशनूनाला मार्ग न केवल रघुपुर घाटी की सात पंचायतों की हजारों आबादी को जोड़ता है, बल्कि यह मार्ग जिला के कई पर्यटन स्थलों तक जाता है। सड़क की खस्ता हालत से आम लोगों के साथ पर्यटक भी परेशान हैं। 12 किलोमीटर लंबे मार्ग में सड़क कम गड्ढे अधिक नजर आते हैं। हालांकि इस सड़क को पक्का करने का मुद्दा हर बार के चुनाव में उठता आया है। लेकिन चुनाव शोरगुल खत्म होने के बाद सड़क की समस्या नेताओं के आश्वासन में दबकर रह जाती है। ऐसे में रघुपुर घाटी की कराड़, मुहान, टकरासी, फनौटी, करशैईगाड़, लगौटी, बिशलाधार पंचायत की जनता इस बार भी इस सड़ का राजनीतिक दलों से हिसाब मांग रही है। दिवान सिंह, जगदीश ठाकुर, लाल चंद ठाकुर, रिंकू कुमार, भीम सिंह, सुरेश कुमार, आलम चंद, गोविंद सिंह, उगम राम, रमेश चंद, हीरा लाल ने कहा कि 12 किलोमीटर सड़क को पूरा करने में बस को सवा एक घंटे का समय लगता है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि माशनूलाला-रोहचाला सड़क की कितनी बदहाली है। इस सड़क की अनदेखी कांग्रेस और भाजपा दोनों ने की है। उबड़-खाबड़ सड़क के कारण शुश, टकरासी जैसे पर्यटन स्थल पर सैलानी नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह
सड़क उपमंडल मुख्यालय के साथ जिला मुख्यालय को भी जोड़ती है। सरकार की अनेदखी के कारण सड़क की दशा दिन प्रतिदिन बदहाल होती जा रही है।
पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण सड़क
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि पांच साल तक न तो केंद्र सरकार और न ही प्रदेश सरकार कुछ किया। सड़कों की बदहाल दशा नहीं सुधारी गई। माशनूनाला-रोहाचला सड़क आम लोगों के साथ पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण है।
सड़क को लेकर सरकार गंभीर
विधायक किशोरी लाल सागर ने कहा कि ग्रामीणों को सड़क की बेहतर सुविधाएं मिले, इसको लेकर सरकार गंभीर है। आचार संहिता हटने के बाद माशनूनाला-रोहाचला सड़क को दुरुस्त करने के लिए इसे विधायक प्राथमिकता में डाला जाएगा।
कांग्रेस, भाजपा ने की अनदेख्ी
भीम सिंह ठाकुर का कहना है कि माशनूनाला-रोहाचला सड़क की कांग्रेस के साथ भाजपा ने भी अनदेखी की है। किसी सरकार ने इसकी टारिंग को लेकर कोई कदम नहीं उठाया है।
कतराते हैं पर्यटक
जगदीश ठाकुर कहते हैं 12 किलोमीटर सड़क की बदहाली से आम लोगों के साथ पर्यटक भी आवाजाही करने से कतराते हैं। लेकिन विभाग और सरकारें मूकदर्शक ही बनी रही।
टारिंग नहीं की
सुरेश कुमार ने कहा कि अंग्रेजों के समय बनी सड़क पर टारिंग के लिए आज तक किसी भी सरकार ने हिम्मत नहीं दिखाई है। सड़क को पक्का और टारिंग कुछ नहीं किया गया।
वादा जाते हैं भूल
सुभाष कुमार ने कहा कि सड़क की बदहाली से ही शुश, करशालाबाग और टकरासी जैसे अनछुए पर्यटक स्थल भी विकसित नहीं हो पा रहे हैं। चुनावी बेला के बाद नेता अपना वादा भूल जाते हैं।