कुल्लू। मुख्य सड़क पर भुंतर से रामशिला तक किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कमर कस ली है। दीपावली के बाद भुंतर से लेकर मौहल और टीकरा बावड़ी से लेकर रामशिला तक प्रथम चरण में दिए गए 175 नोटिस के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हाईकोर्ट के आदेश पर लोनिवि की ओर से की गई निशानदेही में सामने आए अवैध कब्जाधारियों को एक माह का समय दिया था। अब समय पूरा होता देख विभाग ने आगामी प्रक्रिया को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बताया जा रहा है कि कुछेक लोगों ने अवैध कब्जों को स्वयं ही छोड़ दिया है। वहीं, लोक निर्माण विभाग ने 30 दिन का समय देते हुए स्वयं ही सरकारी कब्जे को छोड़ने का समय दिया था। जिन्होंने अभी तक कब्जे नहीं छोड़े हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। विभाग अब न केवल डोजर चलाएगा, बल्कि इसका खर्च भी संबंधित कब्जाधारी से वसूल करेगा। नोटिस की समय अवधि खत्म होने से लोगों में हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। लोनिवि बंजार ने 116 और लोनिवि सदर कुल्लू पहले 60 लोगों को नोटिस दे चुका है। मेजर डिस्ट्रिक रोड भुंतर-रामशिला तक की गई निशानदेही में रिहायशी मकान सबसे अधिक हैं। इसके अलावा इसमें दुकानें और होटल भी शामिल हैं, जो लोनिवि की जगह पर बने हुए हैं। कानूनी राय लेने के बाद लोनिवि ने 30 दिन का समय दिया था। लोनिवि भुंतर के सहायक अभियंता एसके धीमान ने कहा कि विभाग ने पहले चरण में 116 लोगों को नोटिस भेजे हैं। सदर के एसडीओ विनय हाजरी ने कहा कि उनके अधीन आने वाले 60 अवैध कब्जों पर दीवाली के बाद कार्रवाई की जाएगी।
करीब एक दर्जन लोगों ने छोड़े अवैध कब्जे
कुल्लू। लोक निर्माण विभाग की जगह पर किए गए अवैध कब्जाधारियों को एक माह का समय दिया था, लेकिन भुंतर से लेकर मौहल तक करीब एक दर्जन लोगों ने स्वयं ही अवैध कब्जों को छोड़ दिया है। लोनिवि भुंतर के सहायक अभियंता एसके धीमान ने कहा कि जिन लोगों ने नोटिस का पालन नहीं किया है उन कब्जों को छुड़वाने के लिए विभाग का डोजर चलेगा।