दो सप्ताह में बहाल होगा मनाली-लेह मार्ग
देश विदेश के पर्यटकों को मनाली लेह मार्ग खुलने का इंतजार
सरचू तक 36 किलोमीटर में बर्फ हटाने का कार्य शेष
दिनेश जस्पा
उदयपुर (लाहौल स्पीति)। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग दो सप्ताह में बहाल हो जाएगा। रोहतांग दर्रा की बहाली के बाद सीमा सड़क संगठन की टीम के पास हिमाचल की सीमा सरचू तक 36 किलोमीटर में बर्फ हटाने का कार्य शेष है। ऐसे में मौसम खराब होने के कारण उस ओर बर्फ का गिरना जारी है।
ऐसे मेें बीआरओ के अधिकारियों ने दावा किया है कि अगर मौसम अनुकूल रहा तो दो सप्ताह में मनाली-लेह मार्ग में वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी। भारतीय सेना व देश विदेश के पर्यटकों को भी मनाली-लेह मार्ग खुलने का इंतजार है। बीआरओ की टीम बारालाचा पास के करीब छह किलोमीटर पीछे बर्फ हटाने के कार्य को अंजाम दे रही है। बीआरओ के जवान माइनस तापमान में भी बर्फ को सड़क से हटा रहे हैं। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में बर्फ हटाने के बाद बीआरओ ने मनाली-लेह मार्ग बहाल करने में पूरी ताकत लगा दी है। जिससे मार्ग में जल्द वाहनों की आवाजाही शुरू हो सके। देश विदेश के सैलानियों की सैरगाह लेह मार्ग को लेकर पर्यटकों में हमेशा उत्साह रहता है। पहाड़ियों के बीच सड़क किनारे खड़ी बर्फ के ढेरों का पर्यटक आनंद उठाते हैं। वहीं मनाली-लेह मार्ग बहाल होने से पर्यटन कारोबारियों को भी राहत मिलेगी।
गौर रहे कि सेना का काफिला भी रसद, खाद्य सामग्री और गोला बारूद लेकर मनाली-लेह मार्ग से चीन सीमा से सटे भारतीय सैनिकों तक कम समय में पहुंचता है। उधर इस संबंध में सीमा सड़क संगठन 70 आरसीसी के ओसी लेफ्टिनेंट क र्नल विजय कुमार ने कहा कि अगर मौसम अनुकूल रहा तो मनाली-लेह मार्ग को दो सप्ताह में वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।