न्यूली (कुल्लू)। बंजार उपमंडल की ग्राम पंचायत शैंशर के करटौल नाला में रघुप्रीत हाईडल प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो गया है। प्रोजेक्ट निर्माण को छह माह का समय हो गया है, लेकिन प्रोजेक्ट निर्माण से नाले में बने एक दर्जन से अधिक घराट बंद हो गए हैं। इससे शैंशर, देहुरीधार और गाड़ापारली पंचायत के ग्रामीण लोगों का रोजगार छिन गया है। घराटों के बंद होने से प्रभावित लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, प्रोजेक्ट प्रबंधन ने प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की बात कही थी, लेकिन प्रोजेक्ट के तैयार होने के बाद भी अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। शैंशर पंचायत प्रधान नरेश कुमार और उप प्रधान तुलसी राम तथा प्रभावित ग्रामीण हीरा सिंह, राम चंद, हीरा लाल, हरि दत्त, खेम राज, नारायण सिंह, उत्तम चंद आदि ने कहा कि प्रोजेक्ट बनने से उनके घराटों को पानी नहीं आने से घराटों के पहिये रुक गए और उनका पुश्तैनी रोजगार छिन गया। इससे उन्हें अपने परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रोजेक्ट प्रबंधन से उनके घराटों का मुआवजा देने की मांग की है। उधर, रघुप्रीत हाईडल प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक आरके सिंह ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रभावित घराटों के सभी दस्तावेज प्राप्त कर लिए गए हैं। जल्द इन लोगों का मुआवजा मार्च तक एसडीएम बंजार के पास जमा करवा दिया जाएगा। एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज ने कहा कि मामला ध्यान में नहीं है। मामले में जानकारी ली जाएगी।