कुल्लू। आईएएस अधिकारी युनूस गरीब परिवारों की समस्याएं सुलझाने के लिए अधिकारियों की टीम के साथ खुद उनके घरों में पहुंचेंगे। इसके लिए वह जल्द ही जिलाधीश से कहिए कार्यक्रम शुरू करने जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम के तहत डीसी युनूस दोपहर बाद अधिकारियों के साथ एक चिहिन्त पंचायत को फोकस करते हुए गरीब परिवार के घरों तक पहुंचेंगे। उनकी टीम में हर विभाग के उच्च अधिकारी से स्थानीय स्तर पर छोटा अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहेगा। बिजली-पानी समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा और मौके पर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर स्थानीय स्तर के अधिकारी व कर्मचारी से पूछताछ की जाएगी और समस्या दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे। वह स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों का भी जायजा लेंगे और यहां पक रहे खाने की गुणवत्ता समेत अन्य चीजों का भी जायजा लेंगे। इस कार्यक्रम के शुरू किए जाने की तिथि पर अभी तक फैसला लेना बाकी है। इधर, डीसी युनूस ने कहा कि गरीबों व असहाय की समस्याएं सुलझाने प्राथमिकता में है। जिलाधीश से कहिए कार्यक्रम का उद्देश्य गरीब लोगों के घर द्वार जाकर समस्याएं निपटाना है।
ग्रामीणों की फीडबैक पर लगेगी क्लास
जिलाधीश से कहिये कार्यक्रम के दौरान लोगों से सीधे संवाद होगा। इस दौरान शिकायत के बावजूद नहीं पहुंचने के फीडबैक पर स्थानीय अधिकारियों की क्लास भी लग सकती है। इस कार्यक्रम से प्रशासनिक अमला भी चौकन्ना होगा।