कुल्लू में मिल रहीं सुविधा, अब कीमोथेरेपी के लिए नहीं भटक रहे मरीज
मेडिकल कॉलेजों और पीजीआई चंडीगढ़ के चक्कर काटने से मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कैंसर जैसी घातक बीमारी की चपेट में हर उम्र के लोग आ रहे हैं। कैंसर के बढ़ते मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि क्षेत्रीय अस्पताल में ही अगस्त 2024 से कैंसर के मरीजों को कीमोथेरेपी की सुविधा मिल रही है।
इससे पहले पहले मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ और आईजीएमसी शिमला जाना पड़ता था। अब मरीजों को मेडिकल कॉलेजों और पीजीआई चंडीगढ़ के चक्करों से राहत मिल रही है। पिछले 12 माह में अस्पताल में कीमो के 210 सेशन लगाए गए हैं।
अस्पताल में कैंसर के मरीजों को अर्ली डायग्नोस और कीमोथेरेपी दी जा रही है। इससे कैंसर का उपचार करवा रहे मरीजों को फॉलोअप चेकअप के लिए बाहरी जिलाें और राज्यों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इस बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। अस्पताल में आपातकालीन दवाओं की सूची में अब कैंसर की दवाइयों को भी रखा गया है जिससे बाहर महंगी दरों पर मिलने वाले दवाएं अब क्षेत्रीय अस्पताल में ही निशुल्क मिल रही हैं। चिकित्सा अधिकारी डॉ. रीमा घई ने कहा कि अगस्त 2024 से दिसंबर 2025 तक 210 कीमो सेशन कुल्लू अस्पताल में किए गए हैं। 15 से 20 कैंसर मरीजों का उपचार अभी चल रहा है।
क्षेत्रीय अस्पताल की डॉ. रीमा घई को कीमोथेरेपी का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। एक स्टाफ नर्स को भी प्रशिक्षित किया गया है। कुल्लू से मरीजों को अकसर कीमोथेरेपी के लिए बाहरी राज्यों या शिमला के चक्कर काटने पड़ते थे। ऐसे में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब स्वास्थ्य विभाग कुल्लू अस्पताल में ही कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध करवा रहा है।
-डॉ. रणजीत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी