अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। सब्जी मंडी भुंतर परिसर में शुक्रवार को जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। कृषि विभाग और आत्मा परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में किसान मेले में कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी और जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
डॉ. मारकंडा ने बताया कि भुंतर सब्जी मंडी की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भूमि हस्तांतरण के बाद इस मंडी का आधुनिकीकरण कार्य तुरंत आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शाट सब्जी मंडी में 24 दुकानों के साथ किसान भवन का निर्माण भी किया जाएगा। कुल्लू जिला में मिट्टी के परीक्षण कार्य को गति प्रदान करने के लिए विभाग को अत्याधुनिक वैन उपलब्ध करवाई जाएगी। मारकंडा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान नाम से नई योजना आरंभ की है। इसके लिए चालू वित्त वर्ष में 25 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को जहर मुक्त खेती के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी आय को दोगुना करना है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को बेहतर विपणन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 19 नई सब्जी मंडियों का निर्माण किया जाएगा। इन सभी मंडियों के लिए विश्व बैंक के माध्यम से बजट मुहैया करवाया जा रहा है। डॉ. मारकंडा ने कहा कि जिला कुल्लू की सभी सब्जी मंडियों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने भी अपने विचार रखे तथा किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं पर चर्चा की। कृषि उपनिदेशक आरसी भारद्वाज ने विभाग की योजनाओं और विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी। आत्मा परियोजना के अधिकारी राजपाल शर्मा ने किसान मेलों के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कृषि विज्ञान केंद्र बजौरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केसी शर्मा, डॉ. डीआर ठाकुर और डॉ. एचएस भाटिया ने नई कृषि तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारियां किसानों के समक्ष रखीं। रतोचा गांव के किसान विजय ठाकुर ने प्राकृतिक खेती के बारे में अपने अनुभव साझा किए। मेले के दौरान जिले के 12 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। किसान मेले में एपीएमसी अध्यक्ष अमर ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, जिला परिषद सदस्य हितेश्वर सिंह, टेक चंद, अंजय बोध, लता शर्मा आदि उपस्थित रहे।