खनन के अवैध भंडारण में खेत स्वामी पत्नी समेत फंसा, रिपोर्ट
स्वार (रामपुर)।
अवैध खनन के भंडारण में खेत स्वामी और उसकी पत्नी फंस गए हैं। डीएम के आदेश पर पुलिस ने खातेदार दंपति के खिलाफ अवैध खनन बालू का भंडारण करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस प्रशासन की सख्ती के बावजूद भी कोसी नदी के घाटों से अवैध खनन का काम थमने का नाम नही ले रहा है । खनन कारोबारियों ने नदी से खनन कर इतने गहरे गड्ढे कर दिए है कि वह हादसों का सबब बनते जा रहे हैं। शाम ढलते ही उत्तराखंड सीमा के घोसीपुरा पट्टीकला, मुकंदपुर, अजीतपुर आदि घाटों पर जेसीबी मशीनों से रेत डंप कर वाहनों से स्टोन क्रशरों पर बेचा जा रहा है। मंगलवार को कोसी नदी से अवैध खनन होने की शिकायत पर जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने अपने अधीनस्थों के साथ कोसी नदी के चोहददा घाट सहित स्टोन क्रशरों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम पट्टी में खेत स्वामी सुखविंदर कौर व उनके पति चरनजीत सिंह के खेत में कोसी नदी से खनन किया गया 2507 घन मीटर अवैध खनन बालू का भंडारण मिला था। इस पर उन्होंने खनन अधिकारी को खेत स्वामी करीमपुर निवासी दंपति के खिलाफ कार्रवाई कर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। मंगलवार की देर रात पुलिस ने खनन अधिकारी कमल कश्यप की ओर से कोसी नदी से चोरी से अवैध खनन कर रेत बालू का भंडारण करने की रिपोर्ट खेत स्वामी दंपति के खिलाफ दर्ज कराई है। खनन अधिकारी कमल कश्यप ने बताया कि डीएम के निर्देश पर दंपति के खिलाफ नदी से चोरी कर खेत में अवैध भंडारण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है ।