2022 तक सड़क से जुड़ेेगा हर गांव: मारकंडा
मंत्री डॉ मारकंडा ने किया नैनगाहर पुल का उद्घाटन
जसरथ गांव में तैयार होगी सोलर उठाई सिंचाई योजना
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ रामलाल मारकंडा ने बुधवार को लाहौल प्रवास के चौथे दिन पट्टन घाटी का दौरा किया। दौरे के दौरान पट्टन घाटी के जाहलमा, जसरथ, नालडा व नैनगाहर गांवों के लोगों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया। वहीं मंत्री ने लोगों का विधान सभा चुनाव में जन समर्थन के लिए आभार जताया तथा इलाके के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना तथा कुछ मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। मंत्री ने 54 लाख से निर्मित नैनगाहर पुल का उद्घाटन भी किया। पुल के बन जाने से नीलकंठ जाने वाले श्रद्धालुओं तथा नैनगाहर के लोगों को सुविधा मिलेगी। मंत्री ने नालडा गांव के लोगों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन पुल को शीघ्र तैयार करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2022 तक लाहौल के हर गांव को सड़क से जोड़ा जाएगा। घाटी के आठ गांव सड़क से वंचित हैं। घाटी के छह पुलों का निर्माण भी जल्द किया जाएगा। उन्होंने नालडा गांव की लोगों की मांग पर सोलर फेसिंग लगवाने के लिए कृषि विभाग को आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके अलावा जसरथ गांव में सोलर उठाई सिंचाई योजना का निर्माण कर करीब 28 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। उन्होंने ग्राम स्वरोजगार अभियान के तहत जाहलमा में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न महिला, युवक मंडल तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मारकंडा ने लोगों को आह्वान किया कि वह स्वच्छ भारत अभियान की सफलता के लिए सहयोग दें। इस दौरान एसडीएम उदयपुर सुभाष गौवतम, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश रूआलवा, शमशेर शंगपा, पदम नमज्ञाल, उपनिदेशक कृषि हेमराज वर्मा, आरएम मंगल चंद मनेपा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।