पिरड़ी में नहीं बन पाया क्रिकेट स्टेडियम
सालों से चल रही थी स्टेडियम बनाने की कवायद
जिला मुख्यालय के पिरड़ी क्षेत्र में होना था निर्माण
राजेंद्र चौधरी
माहौल (कुल्लू)। सदर कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के मौहल से सटे पिरड़ी में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की कवायद आज तक पूरा नहीं हो सकी है। जनप्रतिनिधियों की ओर से खेल प्रेमियों व जनता को दिखाया गया सपना मात्र हवाई ख्वाब बनकर रह गया है। सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो या फिर भाजपा की, इस अहम मुद्दे पर किसी भी सियासी दल ने दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
स्टेडियम बनाने के लिए स्थानीय पंचायत का भी विरोध था परंतु राजनीतिज्ञों ने इस ओर से कोई खास प्रयास नहीं किए। अगर पिरड़ी में क्रिकेट स्टेडियम बन जाता तो कुल्लू जिला के साथ मौहल और पिरड़ी क्षेत्र हिमाचल व विश्व के मानचित्र पर अनोखी छाप छोड़ता।
मौहल निवासी के कमल कुमार, तजेंद्र, कुलदीप, सोनम, अखिल, ज्ञान चंद, राजेश, बृज लाल, निश्चिंत, प्रमोद, यामिका तथा पूजा का कहना है कि क्रिकेट स्टेडियम के बन जाने से राष्ट्रीय ही नहीं किंतु अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी कुल्लू का रुख करते। इससे रोजगार के अवसर पर मिलते। मौहल व पिरड़ी क्षेत्र में स्टेडियम के बन जाने से हिमाचल को भी दूसरा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम मिल जाता। ऐसे में राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों को इस ओर अधिक प्रयास करने की जरूरत है। उधर, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह ने कहा कि जिला क्रिकेट एसोसिएशन प्रयासरत है। जमीन को लेकर प्रक्रिया चल रही है।
जिला क्रिकेट संघ ने कुल्लू जिला के खेल प्रेमियों को गुमराह किया है। अगर मौहाल और पिरड़ी में क्रिकेट स्टेडियम बनना था तो इसका निर्माण किया जाना चाहिए था। -सुंदर सिंह ठाकुर प्रत्याशी कांग्रेस सदर कुल्लू
जिला कुल्लू में क्रिकेट स्टेडियम निश्चित रूप से बनाया जाएगा। स्टेडियम बनाने के लिए उनके पास कई विकल्प हैं। -महेश्वर सिंह प्रत्याशी भाजपा कुल्लू सदर