कुल्लू। एक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन कुल्लू की ओर से जिला मुख्यालय के तीन स्कूलों में चिड़िया के बहाने नाटक का मंचन किया जा रहा है। संस्था ने इसी कार्यक्रम के तहत चार सितंबर की शाम को नाटक का पहला मंचन आर्य आदर्श हाई स्कूल अखाड़ा में किया। रंगकर्मी केहर सिंह ठाकुर की ओर से लिखित और निर्देशित इस नाटक को बच्चों तथा अध्यापकों ने खूब पसंद किया। छात्रों ने संस्था से मांग की है कि भविष्य में भी अन्य नाटकों का मंचन उनके स्कूल में किया जाए। नाटक एक चिड़िया को बहाना बनाकर हमारे देश में फैले भ्रष्ट तंत्र और हर आदमी की स्वार्थ सिद्धि वाली वृत्ति को हास्य व्यंग्य से प्रस्तुत करता है। नाटक में चिड़िया के रूप में आरती ठाकुर, केहर सिंह ठाकुर, जीवानंद, दीन दयाल, आशा, रेवत राम विक्की, श्याम, ओम प्रकाश, अवंतिका, ममता, कविता, सीता और निखिल ने शानदार अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा अनुराग, आलोक तथा मीनाक्षी ने भी नाटक में सराहनीय भूमिका निभाई। आर्य समाज स्कूल के प्राचार्य सत्यपाल भटनागर ने मोनाल ग्रुप का उनके संस्थान में नाटक प्रस्तुत करने के लिए आभार व्यक्त किया। संस्था के अध्यक्ष केहर सिंह ठाकुर ने कहा कि अगला मंचन बदाह स्कूल में सात सितंबर को किया जाएगा।