कुल्लू। भुंतर के हाथीथान में हाल ही में आयोजित दलित स्वाभिमान सम्मेलन कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार कर गया है। अब कार्यकर्ता नए जोश के साथ भाजपा का कार्य करने में ग्रामीण स्तर पर जुट गए हैं। यह शब्द यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कुल्लू सदर के भाजपा विधायक महेश्वर सिंह ने कहे हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब डूबता जहाज है। आम जन भाजपा की कश्ती में सवार होना चाहते हैं। सम्मेलन में 500 दलित परिवारों ने भाजपा का दामन थाम यह साबित कर दिया है कि अब हिमाचल कांग्रेस मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि अब 18 सितंबर को कुल्लू भाजपा मंडल का महिला सम्मेलन होगा। इसके आयोजन के लिए पार्टी तैयारियों में लग गई है। मंगलवार को महिला मोर्चा कुल्लू मंडल की अध्यक्ष आशा महंत तथा महामंत्री नीना राणा ने विधायक के साथ चर्चा कर सम्मेलन की तिथि को फाइनल किया है। महेश्वर सिंह ने कहा कि सम्मेलन कुल्लू शहर में होगा। सम्मेलन में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदु गोस्वामी विशेष रूप से शिरकत करेंगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के लिए केंद्रीय नेता को भी आमंत्रित किया जा रहा है।