कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर परिषद कुल्लू के पास रहेगा। देवी-देवताओं के अस्थायी शिविरों और दुकानों में सफाई व्यवस्था चकाचक रखने के लिए नगर परिषद की ओर से अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों नियुक्ति की जाएगी। ये सफाई कर्मचारी ढालपुर मैदान को चकाचक रखेंगे।
नगर परिषद की ओर से 200 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर दी है। ढालपुर मैदान को विभिन्न सेक्टरों में बांटा जाएगा। सभी स्टॉल मालिकों को अपनी दुकानों में अलग-अलग दो डस्टबिन रखने होंगे। इनमें सूखा और गीला कचरा अलग-अलग डालना होगा।
नगर परिषद सफाई का कार्य रात 12:00 से सुबह 6:00 बजे के बीच करेगा। शहर में डोर-टू-डोर योजना के तहत सफाई कर्मचारी शहर में रोजाना की तरह शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में अपना योगदान देंगे। इसके साथ नगर परिषद के मेला मैदान में लगने वाले मोबाइल शौचालयों में सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाएगी।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि नगर परिषद ने दशहरा उत्सव में सफाई व्यवस्था चकाचक करने के लिए तैयारी कर ली है। दशहरा के लिए अतिरिक्त 200 सफाई कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर खोल दिए गए हैं। संवाद