कुल्लू। जिले में 15 अप्रैल से जुलाई तक चलने वाले पर्यटन सीजन के लिए कुल्लू-मनाली की वादियां तैयार हैं। आमतौर पर घाटी में पर्यटन सीजन शुरू हो गया है। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियां कर दी हैं।
पुलिस विभाग जलोड़ी दर्रा से लेकर बंजार, तीर्थन घाटी, मणिकर्ण, मनाली, सोलंगनाला और अटल टनल तक करीब 200 से अधिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती करेगा। अभी तक 45 होमगार्ड के जवानों काे ड्यूटी पर लगाया गया है। जाम से निपटना इस बार पुलिस प्रशासन के लिए आसान नहीं होगा क्योंकि 2025 की आपदा से कुल्लू-मनाली हाईवे-तीन के साथ भुंतर से मणिकर्ण, औट-बंजार-सैंज हाईवे-305, लारजी-सैंज-शांघड सड़क, बंजार-गुशैणी-बठाहड़ सड़क बहुत खराब है।
आए दिन इन सभी सड़कों पर जाम जैसे हालत देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में पर्यटन सीजन में जाम से निपटना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। पर्यटन कारोबारी गजेंद्र ठाकुर, राम लाल, रोहित साहसी और बलदेव राज ठाकुर का कहना है कि पर्यटन सीजन में हर साल जाम की स्थिति बनी रहती है। मनाली, कसोल, मणिकर्ण, बंजार से जिभी, गुशैणी, अटल टनल रोहतांग व सोलंगनाला व कोकसर में जाम से निपटने के लिए खासी दिक्कत रहती है। उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान पुलिस प्रशासन को सख्ती बरतने की जरूरत है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि पर्यटन सीजन के लिए अतिरिक्त पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाएगी। इसमें करीब 200 जवानों को तैनात किया जाएगा।
....
सरकारी पार्किंग का अभाव, होटलों के पास भी सुविधा नहीं
जिला कुल्लू में सरकारी पार्किंग की भी उचित सुविधा नहीं है। घाटी में जिले के वाहनों को पार्क करने के लिए पार्किंग स्थल नहीं है। सीजन में आने वाले हजारों वाहन कहां पार्क होंगे। इसके अलावा जिले में करीब 3,000 होटल और होमस्टे सहित अन्य इकाइयों के पास भी पर्यटक वाहनों को पार्क करने की सुविधा नहीं है। ऐसे में पर्यटक अपने वाहनों को सड़क किनारे पार्क करने को मजबूर हो जाते हैं।