कुल्लू। 11,000 फीट ऊंचे रघुपुरगढ़ में आजकल पर्यटकों की चहल पहल है। रविवार को यहां 100 से अधिक पर्यटक कैंपिंग में रुके हुए थे। इस दौरान रविवार देर रात बारिश और अंधड़ चलने से यहां एक कैंपिंग में रुके 20 पर्यटकों का ग्रुप सहम गया। तेज हवाएं चलने से वे डर गए और 112 नंबर फोन पर पुलिस से मदद मांगी।
कैंपिंग चलाने वाले युवाओं ने उन्हें न घबराने की बात कही और सुरक्षित जगह पर ले गए। ग्रुप के समन्वयक विशाल तिवारी ने कहा कि तेज हवाएं चलने से बहुत घबरा गए थे। सोमवार सुबह वे रघुपुरगढ़ से जलोड़ी दर्रा सुरक्षित पहुंचे। उन्होंने इसके लिए कैंपिंग चलाने वाले लक्की और मनीष का आभार जताया। बताया जा रहा है कि रघुपुरगढ़ में अलग-अगल कैंपिंग में करीब 100 से अधिक पर्यटक रुके हुए थे। संवाद