न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी की दुर्गम ग्राम पंचायत देहुरीधार में सर्दी के दिनों में पेयजल संकट गहरा जाता है। ऐसे में पंचायत के हजारों ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है। मगर अब जल्द ग्रामीणों की समस्या का समाधान होने वाला है। इसके लिए जल शक्ति विभाग ने घटगाड़-तल्याहरा पेयजल योजना की डीपीआर तैयार कर दी है।
विभाग ने 2.70 करोड़ रुपये की डीपीआर फाइल स्वीकृति के लिए निदेशालय भेजी है। स्वीकृति मिलते ही पेयजल योजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। गौर रहे कि दुर्गम ग्राम पंचायत देहुुरीधार में पेयजल संकट रहता है, लेकिन सर्दी के मौसम में प्राकृतिक सोर्स में पानी कम हो जाता है, जिसके कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मगर इस योजना के स्वीकृत होने से पंचायत के 21 से अधिक गांवों में पेयजल संकट की समस्या हल होगी।
ग्रामीणों में आलम चंद, गिरधारी लाल, अजय कुमार, माघु राम, जेठू राम, मोहर सिंह, ठाकुरदत्त, रोशन लाल, शेरसिंह, बिहारी लाल, भगत सिंह, मीरा बाई ने कहा कि देहुरीधार के कई गांव में प्राकृतिक जल के सोर्स सूख रहे हैं। बर्फबारी और बारिश के बीच ग्रामीणों को पानी कई किलोमीटर दूर से पीठ पर ढोना पड़ता है। अगर योजना बनती है तो इससे निजात मिल जाएगा।
उधर, जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता ब्रह्मा नंद ने कहा कि घटगाड़-तल्याहरा पेयजल योजना की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है।
इन गांवों को मिलेगा लाभ
ग्राम पंचायत देहुरीधार के लिए जल शक्ति विभाग घटगाड़-तल्याहरा पेयजल योजना के निर्माण से हड़ीनाला, बैकर, पशत्याहरा, दंदी, कईंथा आगे, गुहिड़ी, धारठा, सिंहण, रूआड़, मझीणा, सरींभ, बरीयुला, तुंग, जलहरा, शफाड़ी, जयालु, केऊली, गौल, नुनूबली, नागा आगे, पचयाड़ी आदि गांवों को लाभ मिलेगा।