अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। जिला मुख्यालय से सटे वामतट के थरमाण भट्टी में लोगों को चार दिनों से पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। बताया जा रहा है भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से कई जगहों पर पेयजल के पाइप टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई है। ऐसे में क्षेत्र के कई दर्जन परिवारों को पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों को प्राकृतिक स्रोतों से पीने के लिए पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने आईपीएच महकमे से मांग की कि जल्द क्षतिग्रस्त पाइपों को जोड़ दिया जाए। ग्रामीण हीरा लाल ठाकुर, भूपेंद्र ठाकुर, नीना देवी, चमन ठाकुर, उत्तम पराशर, संजय, तेज सिंह, किशन, अमित ठाकुर व आरएस भंडारी आदि ने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते बाढ़ आने से थरमाण भट्टी की पेयजल स्कीम के कई स्थान पर पाइप टूट गए हैं। इससे पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। उधर, इस संबंध में विभाग के सहायक अभियंता गौरव शर्मा ने कहा कि पेयजल योजना की पाइपों को जोड़ने का काम शुरू कर दिया। एक दो दिनों में लोगों को पानी की सप्लाई नियमित मिलेगी।