कुल्लू/मनाली/कोकसर। जिला कुल्लू व जनजातीय क्षेत्र लाहौल की ऊंची चोटियों पर शनिवार को फिर से ताजा बर्फबारी हुई। दोपहर बाद रोहतांग और जलोड़ी जोत में बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जलोड़ जोत दर्रा में बर्फ हटाने के अभियान को झटका लगा। प्रशासन ने 23 जनवरी तक अलर्ट जारी किया है।
जिला प्रशासन ने पर्यटकों व लोगों को खतरे वाली जगहों पर न जाने की हिदायत दी है। खराब मौसम के बावजूद एनएच अथॉरिटी ने एनएच-305 को बहाल करने का कार्य जारी रखा। लेकिन दोपहर बाद बर्फबारी होने से अभियान को रोकना पड़ा। भुंतर-आनी-सैंज एनएच 305 पर बंजार की तरफ से करीब दो किलोमीटर से बर्फ हटाने का काम बचा हुआ है। कई लोग शनिवार को बंजार-गाड़ागुशैणी, वाया करसोग और जंजैहली होकर गए। खीम सिंह, मेहर चंद, भाग चंद, कांता देवी तथा प्यारे लाल ने कहा कि जलोड़ी दर्रा बंद होने से उनको गाड़ागुशैणी होकर घर जाना पड़ा। पिछले दिनों हुई बर्फबारी से जिले में आधा दर्जन से अधिक सड़कों के बंद होने से करीब एक दर्जन बस रूट अवरुद्ध चल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोम के फिर से सक्रिय होने से जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति शीत लहर की चपेट में आ गया है। घाटी में फोन सुविधा बहाल तो हो गई। लेकिन इंटरनेट सेवा चरमरा गई है। पर्यटन नगरी मनाली में दोपहर बाद घने बादल छाए रहे और ठंड के कारण पर्यटकों को शाम होने से पहले ही होटल के अंदर दुबकना पड़ा। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा ने कहा कि मौसम विभाग ने 23 जनवरी तक बर्फबारी होने की चेतावनी दी है। इसको देखते हुए अलर्ट जारी किया है। उन्होंने एचआरटीसी को भी मौसम को भांपकर ही सवारियों की सुरक्षा को देखते हुए बसों को सुरक्षित जगहों तक ले जाने की हिदायत दी है।