अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। तीसरे दिन भी रविवार को लाहौल घाटी में बर्फबारी का दौर जारी रहा। ताजा बर्फबारी के बाद लाहौल घाटी में बिजली की आंखमिचौली से जनता परेशान है। लैंड लाइन टेलीफोन सेवा ठप है।
केलांग में अब तक करीब 40 सेंटीमीटर बर्फ गिर चुकी है। उदयपुर में 30 सेंमी, दारचा में 45 सेंटीमीटर और कोकसर में करीब 60 सेंमी हिमपात हुआ है। बर्फबारी के कारण पिछले तीन दिनों से घाटी के भीतर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप है। इस बीच करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालांकि रविवार को दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। केलांग बाजार रविवार को सूना रहा। मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकारी उपायुक्त अमर नेगी ने बताया कि रविवार को तीसरे दिन भी लाहौल घाटी में रुक-रुक बर्फबारी का दौर जारी रहा, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार प्रभावित हो रही है। हिमखंड लुढ़कने की संभावना जताई जा रही है। ठंड के कारण घाटी के कई हिस्सों में पेयजल संकट हो गया है। पाइपों में पानी जम जाने से लोगों को जल संकट झेलना पड़ रहा है। किसान इस बर्फबारी को नाकाफी मान रहे हैं। किसानों का मानना है कि अगर जनवरी माह में पर्याप्त बर्फबारी नहीं हुई तो खेती में सिंचाई के लिए पानी की किल्लत हो सकती है। किसान दिनेश, रमेश, आकाश व दोरजे का कहना है कि दिसंबर और जनवरी महीने में पड़ने वाली बर्फ से ही ग्लेशियरों का निर्माण होता है। दिसंबर का महीना सूखा बीता। लिहाजा जनवरी में बर्फबारी का होना बेहद जरूरी है। उधर, स्पीति घाटी में हल्की बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड रही है। एसडीएम काजा जीवन नेगी ने बताया कि स्पीति घाटी के लोसर समेत तोद वैली में बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है।