कुल्लू। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर एक फिर कुल्लू के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय ढालपुर समेत लगघाटी में करोड़ों रुपये की सौगात देंगे। सीएम 24 दिसंबर शाम को हेलीकॉप्टर के माध्यम से भुंतर हवाई अड्डे पर उतरेंगे। यहां से वाया रोड होकर कुल्लू पहुंचेंगे। रात्रि ठहराव के बाद अगले दिन 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय ढालपुर में सुबह साढ़े आठ बजे बहुउद्देशीय बचत भवन की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद करोड़ों रुपये की लागत से उपायुक्त कार्यालय के जीर्णोद्धार का भी शिलान्यास करेंगे। दस बजे लगघाटी के डुपकन से डुंखरीगाहर सड़क का भूमिपूजन किया जाएगा। यहां पर मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दोपहर बाद करीब तीन बजे ढालुपर में अटल सदन का उद्घाटन करेंगे। जिसका निर्माण लोनिवि ने करीब 22.50 करोड़ रुपये की लागत से किया है। इसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन भी है। यहां से शिमला के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के कुल्लू दौरे की भनक लगते ही भाजपा संगठन भी तैयारियों में जुट गया है। वहीं जिला प्रशासन भी मुख्यमंत्री के कुल्लू आगमन पर तैयारियां कर रहा है। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि मुख्यमंत्री का कुल्लू दौरा फाइनल हो गया है। दो दिन के दौरे के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 24 शाम को कुल्लू पहुंचंगे। अगले दिन वह जिला में करोड़ों रुपये के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। उधर, सीएम के दौरे को देखते हुए कुल्लू घाटी के लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं।