बंजार में शनिवार को बैग फ्री डे पर मौज मस्ती के मूड में स्कूल को जाते विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/हरिपुर/बंजार। जिले के स्कूलों में शनिवार को पहली बार बैग फ्री दिवस मनाया गया है। जिला मुख्यालय के साथ सटे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सारी-भेखली में मनाए गए बैग फ्री डे में विद्यार्थियों ने खूब मस्ती की। इस दौरान स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल छेतन डोलमा ने कहा कि बैग फ्री दिवस पर बच्चों ने खूब मस्ती की। उधर, ऊझी घाटी के सीनियर सेकेंडरी हरिपुर में बैग फ्री दिवस के अवसर पर वॉलीबाल, कबड्डी और मार्चपास्ट का आयोजन किया गया। मार्चपास्ट स्पर्धा में छात्रा वर्ग में अंडर-19 प्रथम रही हैं। जबकि, छात्र वर्ग में अंडर-14 विजेता रहे। वॉलीबाल में अंडर-19 तथा कबड्डी में अंडर-19 छात्रा वर्ग ने बाजी मारी है। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने कुल्लवी नाटी भी डाली। शिक्षिका पूनम ठाकुर ने कहा कि स्कूल के सभी विद्यार्थी बिना बैग स्कूल पहुंचे थे। इस दौरान बाल सभा का आयोजन किया गया। इसके अलावा सीसे ढालपुर, मनाली, नग्गर, कन्या स्कूल सुल्तानपुर, फनौटी, लगौटी और बनाला स्कूलों के साथ पूरे जिलेभर के स्कूलों में बैग फ्री दिवस को धूमधाम से मनाया गया। बंजार स्कूल में पेंटिंग और विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इस दौरान स्कूली बच्चों ने एनसीसी के विद्यार्थियों के साथ पर्यावरण को बचाने के लिए रैली निकाल कर जागरूकता का संदेश दिया। ग्लोबल विलेज स्कूल रोपा में भी विद्यार्थी बिना बस्ते के स्कूल पहुंचे और खूब मस्ती की। स्कूल कैंपस की देखभाल के साथ योग भी किया। प्रधानाचार्य गणेश भारद्वाज ने सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। ऊझी घाटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नग्गर में बैग फ्री डे के दौरान स्काउटिंग और सहभागिता प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी गई। मनोहर लाल ठाकुर ने एक सभ्य नागरिक बनने के लिए स्काउटिंग का अनुसरण करने के लिए कहा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पीज में बस्ता मुक्त दिवस के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विशेष तौर पर प्रात:कालीन सभा में प्रधानाचार्य मिलाप चंद ठाकुर ने विद्यार्थियों को इस दिन मनाए जानी वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। छात्र पंकज, आरुषि, सीमा, देवराज, हेम सिंह, दीपाली, दीपिका, नेहा तथा स्नेहलता ने कहा कि वे बिना बैग के स्कूल गए और जमकर मस्ती की। उन्होंने खेलकूद में भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।