अब बॉडी कैमरा से लेस होगा
पुलिस इंचार्ज, दो बाइक में होगी गश्त
पेट्रोलिंग बाइक हेलमेट पर भी कैमरा लगाने की योजना
अब बैरियर पर हर हफ्तेे बदलेंगे अधिकारी-कर्मचारी
हर गतिविधियों पर एसपी और डीसी की रहेगी निगरानी
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों के अनुसार समुद्र तल से 13050 फुट ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा जाने के लिए परमिट अनिवार्य किया गया है। एनजीटी के आदेशों की धरातल स्तर पर अनुपालना के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन समेत पुलिस विभाग पूरी तरह से सतर्क है। सीसीटीवी कैमरा के अलावा पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त दोनों खुद अवहेलनाओं पर निगरानी रखेंगे।
इस बार गुलाबा बैरियर में अनियमितताओं को रोकने के लिए पुलिस इंचार्ज को बॉडी कैमरा से लेस किया गया है। जिसे 24 घंटे लाइव करने के लिए योजना बनाई जा रही है। हालांकि गुलाबा में इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर होने से दिक्कत पेश आ रही है। जिस पर कैमरा का कार्ड रोजाना पुलिस अधीक्षक कार्यालय भिजवाया जा रहा है। यहां व्यस्त रहे घंटों की वीडियो फुटेज चेक की जा रही है। इस बार 15 दिन के बजाए हर सप्ताह बैरियर में तैनात कर्मचारी और अधिकारी बदलेंगे। इसके अलावा गुलाबा बैरियर से आगे वाहन रोककर पर्यटकों को ले जाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए भी योजना बनाई गई है। दो पेट्रोलिंग बाइक लगातार गुलाबा से मढ़ी तक गश्त करेंगे। इन्हें भी बॉडी कैमरा या हेलमेट में भी कैमरा लगाने की योजना बनाई जा रही है। जिससे सभी का रिकॉर्ड रखा जा सके। मढ़ी में भी मोबाइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया जा रहा है। जिससे निगरानी को बढ़ाया जा सके। रोहतांग दर्रा को स्वच्छ बनाए रखने के लिए गुलाबा बैरियर में वाहनों को ट्रेस बैग दिए जाएंगे। वापसी पर इन्हें गुलाबा बैरियर में ही लिया जाएगा और नियमानुसार कूड़ा कचरे का निष्पादन करवाया जाएगा।
डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि हर स्तर पर कड़ी निगरानी की जा रही है। हर विभाग से ड्यूटी पर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। जिससे कामकाज प्रभावित न हो। अवहेलना पाए जाने पर पांच हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। इधर, एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत सबूत के साथ करें। मामले में त्वरित कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। शिकायत मिलने पर कर्मचारी को तुरंत शिफ्ट किया जाएगा और भविष्य में दोबारा तैनाती नहीं दी जाएगी।
अगले सीजन को तैयार होगी इको फ्रेंडली मार्केट
एनजीटी के आदेशानुसार मढ़ी में इको फ्रेंडली मार्केट बनाई जा रही है। इस सीजन में मार्केट में आवंटन कार्य पूरा कर दिया जाएगा। जबकि अगले सीजन से मार्केट को सुचारू रूप से कार्यान्वित होने की उम्मीद जताई जा रही है। इन दिनों इको फ्रेंडली मार्केट के बचे हुए निर्माण कार्य पर फोकस किया जा रहा है।
पार्किंग स्थल में ही खड़े होंगे वाहन
अनियमितताओं को रोकने के लिए इस बार बेवजह वाहन हर कहीं पार्क नहीं हो पाएंगे। किसी ठोस वजह पर ही सड़क किनारे वाहन पार्क किया जा सकेगा। वाहन में अकेला चालक ही होने पर कार्रवाई भी की जाएगी। गुलाबा बैरियर से पीछे, गुलाबा बैरियर, मढ़ी और रोहतांग दर्रा में ही वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
रोहतांग दर्रा में लगेगा बैरियर
लाहौल घाटी जाने का परमिट लेकर रोहतांग में ही घूम कर आने वालों पर भी शिकंजा कसने की योजना बनाई जा रही है। लाहौल घाटी जाने वालों को कोकसर पोस्ट की स्टैंप अनिवार्य रहेगी। यह गुलाबा बैरियर में चेक की जाएगी। अवहेलना पर कार्रवाई की जाएगी। लाहौल परमिट के नाम पर रोहतांग घूमने वालों पर शिकंजा कसने के लिए रोहतांग दर्रा में बैरियर स्थापित किया जा रहा है।