ग्रीन टैक्स पर ही उतारी जा
रही हैं वोल्वो की सवारियां
पर्यटकों अतिरिक्त किराया देकर पहुंचना पड़ रहा होटल
अमर उजाला बयूरो
मनाली (कुल्लू)। विश्व विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में वोल्वो चालकों की मनमानी का खामियाजा पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को भी कई वोल्वो के चालकों ने ग्रीन टैक्स के पास ही सवारियों को उतार दिया। जिन्हें बाद में टैक्सियों में भारी भरकम किराया देकर मनाली स्थित होटलों में पहुंचना पड़ा। वोल्वो संचालकों के इस बर्ताव से होटलियरों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मनाली पहुंचे दिल्ली के अमित, पवन, तमिलनाडु के भास्कर ने कहा कि वह कुल्लू-मनाली घूमने आए हैं और वह मंगलवार सुबह वोल्वो से आए लेकिन उन्हें चार किलोमीटर पीछे ग्रीन टैक्स के पास उतार दिया। यहां से उन्हें टैक्सी में आना पड़ा। वोल्वो चालकों की मनमानी से यह सब हो रहा है।
उधर, वोल्वो यूनियन की प्रधान लाजवंती शर्मा ने बताया कि सैलानियों को आधे रास्ते में वोल्वो से उतारना ठीक नहीं है। यह सैलानियों के साथ अच्छा बर्ताव नहीं है। उन्होंने सभी वोल्वो ऑपरेटरों से अपील की है कि वह पर्यटकों को मनाली तक पहुंचाएं जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।