अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। 23 जनवरी को बर्फबारी से बंद हुआ जलोड़ी दर्रा शुक्रवार को बसों के लिए बहाल हो गया है। औट-बंजार-सैंज एनएच-305 पर निगम की बस सेवा फिर से शुरू हो गई है। 10280 फुट ऊंचे जलोड़ी दर्रा से गुजरने वाले हाईवे-305 के बहाल होने से बाह्य सिराज की 58 पंचायतों के लोगों ने राहत की सांस ली है। एनएच अथॉरिटी ने कड़ी मशक्कत के बाद लेबर और स्नो कट्टर से बर्फ हटाकर सड़क को सुचारु रूप से खोल दिया है। शुक्रवार को जिला मुख्यालय कुल्लू बस अड्डा से कुल्लू-बागासराहन, कुल्लू-बागीपुल, कुल्लू-रामपुर, कुल्लू-थनोग तथा कुल्लू-आनी बसों ने दर्रा को पार करते हुए घाटी की सवा लाख आबादी को बड़ी राहत प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी को हुई बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा बंद होने से बसों की आवाजाही ठप हो गई थी। हालांकि, एनएच अथॉरिटी ने 25 जनवरी से दर्रा को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया था, लेकिन बसों के संचालन न होने से घाटी को लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों को पांच से आठ किलोमीटर तक पैदल आवाजाही करनी पड़ी। एनएच-305 के सहायक अभियंता अनिल राणा ने कहा कि भुंतर-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर बस सेवा बहाल हो गई है। स्नो कट्टर और मजदूरों की सहायता से बर्फ को हटाकर हाईवे बहाल कर दिया गया है। उधर, तेज राम, मान सिंह, दुनी चंद, उपप्रधान ध्यान सिंह, दीवान सिंह तथा भागे राम राणा ने कहा दर्रा के खुलने से आनी-निरमंड के साथ करसोग, रामपुर, किन्नौर तथा कुमारसैन के हजारों लोगों को राहत मिली है।