कुल्लू। विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के प्रवेशद्वार भुंतर में ब्यास नदी से एक युवक का शव मिला है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शमशी ब्रांच के पीछे से होकर बह रही ब्यास नदी में एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। इससे पहले घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त ऊना के देहलां निवासी 24 वर्षीय दक्ष के रूप में हुई है। एचएचओ भुंतर अजय कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। युवक की मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। एएसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस पता लगा रही है कि युवक की कुदरती मौत हुई है या उसे सुनियोजित षड्यंत्र के तहत मौत के घाट उतारा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।