केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के उदयपुर थाना के अंतर्गत सलग्रां में चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन लोगों से चांदी के छह सिक्के भी बरामद किए हैं। वहीं अन्य चोरी हुए सामान को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक तिंदी पंचायत के सलग्रां गांव निवासी बबीता ने उदयपुर थाने में शिकायत दर्ज की है कि चोरों ने उनके घर से दो सोने की बालियां और चांदी के पांच सिक्के चोरी किए हैं। जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर छानबीन करते हुए चोरी के वारदात को अंजाम देने वाले शातिरों को पुलिस ने उदयपुर इलाके से विभिन्न जगहों से धर दबोचा।
पुलिस ने इस मामले में राहुल निवासी सलग्रां, अमर टैक्सी चालक निवासी कुल्लू और इंद्र निवासी पंजाब को गिरफ्तार किया है। चोरी की घटना में चांदी के पांच सिक्के चोरी हुए थे जबकि आरोपियों के कब्जे से छह सिक्के मिले हैं। ऐसे में पुलिस इन लोगों को कड़ी पूछताछ करने में जुट गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई घाटीवासियों ने खुशी जाहिर की है। इधर, एसपी लाहौल-स्पीति गौरव सिंह ने बताया कि चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।