कुल्लू-मनाली के बीच लगा लंबा जाम, दो घंटे फंसे रहे वाहन
वोल्वो समेत डेढ़ दर्जन स्कूली और एचआरटी की बसें भी फंसीं, यात्री हुए परेशान
फोरलेन सड़क की कटिंग और डोभी पुल निर्माण से आ रही समस्या समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/पतलीकूहल। विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली और जिला मुख्यालय के बीच स्थित डोभी में आए दिन घंटों लंबा जाम लग रहा है। वीरवार को भी डोभी में सुबह करीब साढ़े सात बजे के आसपास से दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। जाम में सैलानियों को लाने वाली आधा दर्जन वोल्वो बसों के अलावा स्कूली बच्चों से भरी बसें, एचआरटीसी और निजी बसें जाम में फंस रहीं। इस कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस दौरान सड़क के दोनों तरफ से सैकड़ों गाड़ियों की कतारें लग गईं, जिससे स्कूली बच्चों, आम सवारियाें और पर्यटकों को परेशान होना पड़ा। स्थानीय निवासी गगन जैन, राम सिंह, देवराम, पेनेराम, हरीश, मोहन, जय चंद, अजय, विनय, निशा, कांता, कमला, बिमला और कृष्णा ने बताया कि डोभी में बन रहे नए पुल तक सड़क बनाने के लिए फोरलेन निर्माण कंपनी ने पुुरानी सड़क को गलत तरीके से काटा है। इससे डोभी में सड़क पर चढ़ाई अधिक हो गई है। इस पर कई वाहनों को चढ़ने में दिक्कत हो रही है। कई तो चलते चलते पीछे की ओर लुढ़क रहे हैं। यदि जल्द इस सड़क की हालत नहीं सुधारी गई तो बड़ा हादसा पेश आ सकता है। इसके अलावा कुल्लू-मनाली के बीच हो रहे फोरलेन निर्माण से भी जगह-जगह जाम लग रहा है। खास बात यह है कि इस सड़क पर खडे़ ट्रैफिक पुलिसकर्मी के निर्देशों के बावजूद यातायात को नियंत्रण करना मुश्किल हो गया है। एएसपी राज कुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस यातायात सुचारु बनाए रखने में प्रयासरत है। वहीं एनएचएआई के प्रोजेक्टर निदेशक कर्नल योगेश ने बताया कि जल्द ही सड़क को बेहतर किया जाएगा।
....संजय ठाकुर